नोएडा- क्वार्सी थाना क्षेत्र के धौर्रा माफी इलाके स्थित एक निजी नर्सिंग होम में बुधवार शाम एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा और तोड़फोड़ कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात को संभालते हुए भीड़ को शांत कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महेशपुर निवासी 32 वर्षीय शोएब को पथरी की समस्या के चलते उसके परिजन उपचार के लिए स्थानीय नर्सिंग होम लेकर पहुंचे थे। जांच के बाद डॉक्टर ने ऑपरेशन की सलाह दी, जिस पर परिजन राजी हो गए। बताया गया कि शाम करीब आठ बजे ऑपरेशन के लिए एनेस्थीसिया दिए जाने के कुछ ही देर बाद शोएब की हालत बिगड़ने लगी और उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने आरोप लगाया कि डॉक्टरों ने जरूरत से ज्यादा डोज दे दी, जिससे युवक की जान चली गई। इसके बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ करते हुए खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए। देखते ही देखते अस्पताल के बाहर भीड़ जुट गई और तनावपूर्ण माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही क्वार्सी थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एसएचओ नरेंद्र शर्मा ने मौके पर मौजूद लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
वहीं, अस्पताल प्रशासन की ओर से बताया गया कि एनेस्थीसिया देने के दौरान अचानक मरीज का बीपी बढ़ गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ी। प्राथमिक जांच में हृदय गति रुकने (कार्डियक अरेस्ट) की आशंका जताई गई है।
बाद में दोनों पक्षों में बातचीत के जरिए समझौता हो गया। सीओ तृतीय सर्वम सिंह ने बताया कि परिजन शव को अपने साथ ले गए हैं। किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत या कानूनी कार्रवाई की मांग अब तक नहीं की गई है।







