नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले की साइबर थाना पुलिस ने युवाओं और उनके परिवारों को नौकरी का झांसा देकर चूना लगाने वाले एक साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट का कर्मचारी बताकर लोगों को झांसे में लेता था। पुलिस ने आरोपी को मधु विहार इलाके से दबोचा, जहां वह एक डिलीवरी स्टोर में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम कर रहा था।
फेसबुक के जरिए बनाया शिकार पुलिस के अनुसार, शिव विहार निवासी सोमवती की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। आरोपी राजीव कुमार (32) ने जुलाई 2024 में फेसबुक के जरिए महिला से संपर्क साधा था। उसने महिला को भरोसा दिलाया कि वह उसके 20 वर्षीय बेटे को आईजीआई एयरपोर्ट पर ‘केबिन क्रू’ में नौकरी दिलवा देगा।
16 बार में वसूले 3.03 लाख रुपये नौकरी की प्रक्रिया को असली दिखाने के लिए आरोपी ने सिक्योरिटी डिपॉजिट, दस्तावेज शुल्क और मेडिकल जांच के बहाने पैसे ऐंठने शुरू किए। झांसे में आकर महिला ने सितंबर से दिसंबर 2024 के बीच 16 बार में कुल 3,03,120 रुपये यूपीआई के माध्यम से transfer कर दिए। रकम मिलने के बाद आरोपी ने महिला को सोशल मीडिया पर ब्लॉक कर दिया और अपना फोन बंद कर लिया।
डिजिटल साक्ष्यों से पकड़ा गया आरोपी शिकायत मिलने पर साइबर पुलिस ने बैंक ट्रांजैक्शन और डिजिटल सर्विलांस के आधार पर आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने कुबूल किया कि वह फर्जीवाड़ा करने के बाद फेसबुक चैट डिलीट कर देता था और सिम कार्ड नष्ट कर देता था। पुलिस ने उसके पास से वारदात में इस्तेमाल मोबाइल और बैंक दस्तावेज बरामद किए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।







