नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तर-पश्चिम जिले ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने महज 72 घंटे का विशेष अभियान चलाकर 23 अपराधियों को धर दबोचा। इनके कब्जे से चोरी और झपटमारी के 390 मोबाइल फोन, 66 वाहन (दोपहिया और चार पहिया), 19 अवैध हथियार, 21 चाकू और भारी मात्रा में सोने-चांदी के गहने बरामद किए गए हैं।
बरामद किए गए मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये और आभूषणों का मूल्य लगभग 62 लाख रुपये बताया जा रहा है।
कई थानों की टीमों ने मिलकर की कार्रवाई उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त (DCP) आकांक्षा यादव ने जानकारी दी कि एंटी-बर्गलरी सेल, एएटीएस (AATS) और जिले के विभिन्न थानों (मॉडल टाउन, जहांगीरपुरी, शालीमार बाग, सुभाष प्लेस, आदर्श नगर, मुखर्जी नगर आदि) की टीमों ने एक साथ छापेमारी कर इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।
मालिकों की तलाश में जुटी पुलिस पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब बरामद संपत्ति का तकनीकी सत्यापन कर वास्तविक मालिकों की पहचान कर रही है, ताकि यह संपत्ति उन्हें लौटाई जा सके और संबंधित एफआईआर (FIR) से जोड़ा जा सके।







