नोएडा – नोएडा के सेक्टर-82 स्थित केंद्रीय विहार-2 से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां लोकसभा में संयुक्त निदेशक के पद पर कार्यरत 40 वर्षीय गौरव गौतम ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय उनकी पत्नी दिल्ली गई हुई थीं। जब वह घर लौटीं, तो पति को फंदे से लटका देख उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में उन्हें पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटनास्थल से पुलिस को 10 पन्नों का एक सुसाइड नोट मिला है। शुरुआती जांच के मुताबिक, अधिकारी पर करीब 70 लाख रुपये का भारी कर्ज था और वह लंबे समय से गंभीर आर्थिक व मानसिक तनाव से गुजर रहे थे। सुसाइड नोट में उन्होंने स्पष्ट किया है कि इस कदम के लिए परिवार का कोई सदस्य जिम्मेदार नहीं है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने सुसाइड नोट व मोबाइल को कब्जे में ले लिया है। एसीपी दीक्षा सिंह ने बताया कि वित्तीय लेनदेन और अन्य सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।







