गाजियाबाद- संजय नगर क्षेत्र स्थित हनुमान मंदिर में बीती रात एक बार फिर चोरी की वारदात सामने आई, जिसमें तीन अज्ञात चोरों ने मंदिर के दानपात्र तोड़कर नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
दीवार फांदकर मंदिर में घुसे आरोपी
फुटेज के अनुसार रात करीब 12 बजे के बाद तीन युवक मंदिर की दीवार फांदकर परिसर में दाखिल हुए। उनमें से दो सीधे गर्भगृह की ओर बढ़े और दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद उन्होंने मंदिर में रखे तीनों दानपात्र तोड़कर उनमें जमा पूरे दान को एक कपड़े में बांधा और मौके से फरार हो गए।
तीसरा चोर बाहर वाटर कूलर के पास खड़ा होकर पानी भरने का नाटक करता रहा ताकि किसी को शक न हो और वह बाहर निगरानी कर सके।
सीसीटीवी में पूरी वारदात रिकॉर्ड
चोरी के हर कदम—दीवार फांदने से लेकर दानपात्र तोड़ने और पैसे समेटने तक की पूरी गतिविधि कैमरे में साफ दिखाई दे रही है। फुटेज देखकर मंदिर प्रबंधन ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी है।
ट्रस्ट चेयरपर्सन ने जताई नाराज़गी
हनुमान मंदिर सेवा ट्रस्ट की अध्यक्ष ने बताया कि मंदिर में दानपात्र तोड़कर चोरी की यह तीसरी घटना है। वर्ष 2022 में भी चोर दानपात्र तोड़कर पचास हजार रुपये से अधिक की राशि लेकर फरार हो गए थे। उस मामले में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद न चोर पकड़े जा सके और न ही पैसा बरामद हुआ।
उन्होंने कहा कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से श्रद्धालुओं की भावनाएँ आहत हो रही हैं और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता है।







