बिहार। रोहतास जिले के भानस थाना क्षेत्र के डिहरा गांव में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल बन गया। मृतकों की पहचान अमित सिंह, उनके पिता शालिग्राम सिंह और उनकी पत्नी नीतू देवी के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, देर रात करीब एक बजे घरेलू विवाद इतना बढ़ गया कि अमित सिंह ने गुस्से और तनाव में पहले अपनी पत्नी नीतू देवी पर गोली चला दी। शोर सुनकर बीच-बचाव करने आए उनके पिता शालिग्राम सिंह को भी अमित ने गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद घर के अन्य सदस्य दहशत में अपने कमरों में छिप गए। इसी दौरान अमित ने स्वयं को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
ग्रामीणों का कहना है कि अमित सिंह बीते कई दिनों से पारिवारिक तनाव और मानसिक दबाव से गुजर रहा था। कुछ लोगों ने यह भी बताया कि वह मानसिक रूप से अस्थिर हो चुका था, जिसके चलते अक्सर परिवार में विवाद होते रहते थे।
मंगलवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर बिक्रमगंज एएसपी अंकित कुमार पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। उन्होंने बताया कि एफएसएल टीम द्वारा मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं से की जा रही है। परिजनों ने भी अमित के मानसिक रूप से परेशान रहने की पुष्टि की है। पुलिस घटना के मूल कारणों और पारिवारिक विवाद की गहराई से पड़ताल कर रही है।







