ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के कासना कोतवाली क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रेम विवाह करने वाली महिला ने अपने ही पति, सास और पति की दूसरी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बुलंदशहर की रहने वाली सोनम शर्मा ने बताया कि उसने 29 अक्टूबर 2021 को गाजियाबाद में विशाल कुमार भाटी से कोर्ट मैरिज की थी, लेकिन शादी के बाद उसका जीवन नर्क बन गया।
सोनम का आरोप है कि पति और सास ने उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। स्थिति तब और खराब हो गई जब उसे पता चला कि उसके पति ने बिना तलाक लिए गांव बिरौड़ी निवासी पलक अधाना से दूसरी शादी कर ली है। जब वह अपने अधिकारों की मांग लेकर ससुराल पहुंची तो सास शशि देवी, पति विशाल और उसकी दूसरी पत्नी ने उसे घर में घुसने नहीं दिया और मारपीट कर धमकाया।
थाना प्रभारी धर्मेंद्र शुक्ला ने बताया कि पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी विशाल भाटी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अन्य आरोपियों की जांच जारी है।







