गन प्वाइंट पर 9.50 लाख लूटकर हुये फरार
फरीदाबाद। सेक्टर-5 थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम मणप्पुरम गोल्ड लोन शाखा में हथियारबंद बदमाशों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाश ऑडिटर बनकर शाखा में घुसे और कर्मचारियों को गन प्वाइंट पर लेकर करीब 9.50 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। वारदात के दौरान दो कर्मचारियों को बंदूक की बट से चोट भी आई है।
सूत्रों के अनुसार, घटना शाम करीब 6 बजे हुई, जब शाखा बंद होने का समय था। पांच बदमाश दो-दो करके अंदर दाखिल हुए और खुद को ऑडिटर बताते हुए स्टाफ से बातचीत करने लगे। इस दौरान स्टाफ ने उन्हें असली ऑडिटर समझकर चाय तक पिलाई। मौके का मुआयना करने के बाद बदमाशों ने अचानक हथियार निकाल लिए और सभी कर्मचारियों व गार्ड को धमकाकर कैश व गहने लूट लिए।
पुलिस का कहना है कि बदमाश नकदी के साथ-साथ लगभग 150 पैकेट सोना भी ले गए हो सकते हैं, लेकिन सटीक आकलन जांच के बाद ही होगा। घटना की जानकारी मिलते ही सेक्टर-5 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चारों तरफ नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।
फिंगरप्रिंट व सीन ऑफ क्राइम टीम ने भी मौके पर जांच की है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जांच अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि बदमाशों की पहचान जल्द की जाएगी और उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।







