लखनऊ। शनिवार की देर रात तेलीबाग बाजार में वरदानी हनुमान मंदिर के पास एक बेकाबू स्कॉर्पियो कार ने सड़क पर चल रहे लोगों को रौंद दिया। हादसा रात करीब 12 बजे हुआ, जब कार चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद जब भीड़ ने चालक को रोकने की कोशिश की तो उसने गाड़ी तेज कर भागने का प्रयास किया। इस दौरान एक और राहगीर उसकी चपेट में आ गया। घटना में कुल तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कई अन्य के चोटिल होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने तुरंत घायलों को एपेक्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से कार चालक को पकड़ लिया गया। कोतवाल धीरेंद्र सिंह ने बताया कि घायलों में आनंद प्रकाश (मंडी निवासी) और राजेश कुमार (दुर्गा मंदिर, तेलीबाग निवासी) शामिल हैं, जबकि एक अन्य घायल की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।







