नई दिल्ली। राजधानी के व्यस्ततम नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा बलों को नशीले पदार्थों की एक बड़ी खेप हाथ लगी है। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने शुक्रवार को एक विशेष अभियान के तहत 85 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 42.5 लाख रुपये बताई जा रही है।
राजधानी एक्सप्रेस से आई संदिग्ध खेप
यह कार्रवाई 28 सितंबर 2025 को डिब्रूगढ़ से नई दिल्ली आ रही 20505 राजधानी एक्सप्रेस में की गई। जानकारी के अनुसार, ट्रेन के टीटीई द्वारा संदिग्ध बैगों की सूचना मिलने पर RPF टीम ने स्टेशन पर त्वरित कार्रवाई की।
जैसे ही ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर 15 पर पहुंची, सुरक्षा कर्मियों ने बी-9 और बी-10 कोच की तलाशी ली।
छह बैग में पैक किया गया था नशा
तलाशी के दौरान बर्थ के नीचे रखे गए दो ट्रॉली बैग और चार बैकपैक मिले। जब इन बैगों को खोला गया, तो उनमें छह अलग-अलग पैकेट मिले, जिनमें हर एक में गांजा भरा हुआ था। कुल वजन 85 किलोग्राम निकला।







