बहादुरगढ़। शहर के सेक्टर-6 इलाके में देर रात एक युवक पर जानलेवा हमला कर मोबाइल लूटने की घटना सामने आई है। घायल युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के हरदोई निवासी नंदलाल के रूप में हुई है, जो यहां एक निजी ट्रांसपोर्ट कंपनी में हेल्पर के तौर पर काम करता है।
घटना देवीलाल पार्क के गेट के पास उस समय हुई जब नंदलाल रात को काम से लौट रहा था।
बीड़ी देने से इनकार किया तो हमला कर दिया
मिली जानकारी के अनुसार, नंदलाल को रास्ते में कुछ अज्ञात युवकों ने रोका और उससे बीड़ी मांगी। जब उसने बीड़ी देने से मना कर दिया, तो आरोपियों ने पहले उसका गला दबाने की कोशिश की, फिर उसका मोबाइल छीनने का प्रयास किया।
विरोध करने पर एक युवक ने नंदलाल के पेट में चाकू मार दिया और उसका मोबाइल लूटकर फरार हो गया।
नंदलाल को सिविल अस्पताल बहादुरगढ़ पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत को गंभीर बताया है। फिलहाल वह इलाज के अधीन है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद से इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है और स्थानीय लोगों में खौफ का माहौल है।







