दिल्ली- हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस में तैनात आईआरसीटीसी कर्मचारियों के बीच झगड़े का मामला सामने आया है। ट्रेन में पानी भरने के दौरान आपसी कहासुनी ने इतना तूल पकड़ लिया कि बात मारपीट तक जा पहुंची। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर बेल्ट, लात और घूंसों से हमला कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि यह घटना 15 अक्तूबर की है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि दो कर्मचारी पहले बहस करते हैं, फिर उनमें से एक डस्टबिन उठाकर दूसरे पर वार करता है। इसके बाद झगड़ा बढ़ता है और अन्य कर्मचारी भी इसमें कूद पड़ते हैं। देखते ही देखते विवाद हिंसक रूप ले लेता है।
रेलवे पुलिस उपायुक्त केपीएस मल्होत्रा ने जानकारी दी कि इस मामले में निजामुद्दीन रेलवे थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिसकर्मी और कुली पहुंचे और हालात को काबू में लाया।
हालांकि पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया था, लेकिन उनके जाने के कुछ समय बाद फिर से विवाद छिड़ गया। इस पूरे घटनाक्रम को कुछ यात्रियों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब इंटरनेट पर वायरल हो चुका है।
सूत्रों के अनुसार, विवाद किसी मामूली बात को लेकर शुरू हुआ था। बाद में दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया और किसी भी पक्ष ने पुलिस में औपचारिक शिकायत नहीं दी।







