गाजियाबाद – लोनी क्षेत्र में एक यूट्यूबर पर हुए हमले की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। हमलावरों ने दिनदहाड़े उसके दफ्तर में घुसकर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस पूरी वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दो लोग हेलमेट पहनकर कार्यालय में दाखिल होते दिखाई देते हैं। घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज करते हुए मुख्य आरोपियों की पहचान कर ली और अलग-अलग मुठभेड़ों में दोनों को ढेर कर दिया।
जानकारी के मुताबिक 27 फरवरी को लोनी के अली गार्डन इलाके में स्थित यूट्यूबर सलीम वास्तिक के कार्यालय में यह घटना हुई। बताया जा रहा है कि उस समय सलीम अपने ऑफिस में मौजूद थे। इसी दौरान दो युवक हेलमेट पहनकर अंदर पहुंचे और बातचीत के बहाने उनसे मिलने लगे। कुछ ही देर बाद अचानक उन्होंने धारदार हथियार निकालकर सलीम पर हमला कर दिया।
हमलावरों ने सलीम को काबू में कर लगातार वार किए। इस दौरान सलीम बचने की कोशिश करते रहे, लेकिन हमलावरों ने उन पर बेरहमी से हमला जारी रखा। पूरी घटना ऑफिस में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। बाद में यह फुटेज सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। जांच में सामने आया कि हमले में दो सगे भाई शामिल थे। पुलिस ने दोनों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया और उनकी तलाश में कई टीमें लगा दी गईं।
पुलिस के अनुसार, एक मार्च को लोनी क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में छोटे भाई जीशान को मार गिराया गया था, जबकि उसका बड़ा भाई गुलफाम मौके से भागने में सफल हो गया था। इसके बाद पुलिस लगातार गुलफाम की तलाश में जुटी रही।
मंगलवार रात इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में पुलिस को गुलफाम के होने की सूचना मिली। पुलिस ने इलाके में चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उसने भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से गुलफाम घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक दोनों भाइयों की पहचान सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर हुई थी। मामले की जांच जारी है। वहीं इस दोहरे एनकाउंटर के बाद आरोपियों के पैतृक गांव में भी मातम का माहौल बताया जा रहा है।







