गाजियाबाद: साइबर पुलिस टीम ने बीमा कंपनी के प्रतिनिधि बनकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि यह गिरोह बीमा पॉलिसी के नाम पर लोगों को झांसा देकर चार राज्यों में करीब 1.50 करोड़ रुपये की ठगी कर चुका है।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुनील मिश्रा (बलिया), पवन कुमार यादव (गाजीपुर), राहुल कुमार मिश्रा (सारण, बिहार), जितेंद्र कुमार (सुल्तानगंज, बिहार) और दीपक कुमार (बदायूं) के रूप में हुई है। इनमें से कुछ आरोपी फिलहाल नोएडा में रहकर इस गिरोह को संचालित कर रहे थे।
जांच में पता चला कि आरोपी कार में बैठकर लोगों को फोन करते थे और खुद को बीमा कंपनी का अधिकारी बताकर पॉलिसी से जुड़ी स्कीम या लाभ का झांसा देते थे। इसके बाद वे लोगों से विभिन्न बहानों से पैसे ट्रांसफर करा लेते थे।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 10 मोबाइल फोन, 16 एटीएम कार्ड, 11 सिम कार्ड, एक कार और 74 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।







