हथीन। मंढनाका गांव के रहने वाले 20 वर्षीय युवक का शव गांव के कुएं में मिला है। मृतक के पिता ने गांव के सात लोगों पर हत्या कर शव कुएं में फेंकने का आरोप लगाया है। मंडकोला पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुरानी रंजिश में हत्या की बात सामने आ रही है। मृतक अर्जुन के पिता विजय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार की रात को उनका बेटा अर्जुन खाना खाकर घर पर आराम कर रहा था। उसी दौरान तीन लोग घर पर आए। उनमें से एक ने आवाज लगाकर बेटे अर्जुन को अपने पास बुलाया।
तीनों उसे अपने साथ बाहर ले गए। उसके बाद बेटा वापस नहीं लौटा। घर नहीं लौटने पर स्वजन ने बेटे की तलाश शुरू कर दी। मंगलवार को गांव के रिंकू ने स्वजन को बताया कि अर्जुन की लाश मंदिर के पीछे कुएं में पड़ी है। मौके पर पहुंचने पर देखा तो अर्जुन का शव कुएं में पड़ा था। मृतक के पिता ने शिकायत में आरोप लगाया है कि धीरज, लोकेश, उदयबीर, रमेश, सुंदर, दिनेश बेटे को जान से मारने की धमकी देते थे। ग्रामीणों के अनुसार, लगभग पांच वर्ष पहले रमेश के पिता बाबू राम की मौत लड़ाई झगड़े में हो गई थी, जिसमें अर्जुन पक्ष के कई लोगों के विरुद्ध हत्या का केस चल रहा है। इसलिए पुलिस इस घटना को पुरानी रंजिश से भी जोड़कर चल रही है।







