बदायूं। उसहैत थाना क्षेत्र के गांव सथरा में नल पर पानी भरने के विवाद में 35 वर्षीय युवक कमलेश की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक के परिजन की तहरीर पर पुलिस ने एक आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और उसे गिरफ्तार भी कर लिया है। गांव सथरा निवासी जगदीश का कहना है कि उनका बेटा कमलेश सोमवार शाम नल पर पानी भरने गया था। इसी दौरान गांव के सूरज राठौर से उसका विवाद हो गया। जब वह देर शाम घर लौट रहा था। तभी आरोपी ने उस पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया।
उसको सिर में लाठी मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार वाले युवक को जिला अस्पताल ले गए, जहां से उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। रात में उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।







