नोएडा – नोएडा के सेक्टर-49 थाना क्षेत्र के बरौला गांव में एक पीजी में 19 वर्षीय युवती की हत्या से सनसनी फैल गई। असम के डिब्रूगढ़ की रहने वाली महक अहमद पर धारदार हथियार से कई वार किए गए, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद उसी मंजिल पर रहने वाला रमन नाम का युवक अपना कमरा बंद कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, महक करीब तीन सप्ताह पहले अपने माता-पिता को बिना बताए नौकरी की तलाश में नोएडा आई थी। वह अपनी 18 वर्षीय दोस्त संजना के साथ बरौला स्थित एक पीजी में रह रही थी। दोनों असम की रहने वाली हैं।
पुलिस जांच में पता चला है कि तीन मंजिला मकान की पहली मंजिल पर महक और संजना का कमरा था। इसी फ्लोर पर बिहार के कटिहार का रहने वाला रमन भी रहता था। बताया जा रहा है कि रमन बीटेक कर चुका है और पहले एक आईटी कंपनी में नौकरी करता था। स्थानीय लोगों के अनुसार, वह पिछले कुछ समय से बेरोजगार था।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, 8 अगस्त की रात महक और संजना अपने कमरे के बाहर लॉबी में थीं। इसी दौरान रमन अपने कमरे के बाहर बैठकर शराब पी रहा था। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद विवाद ने गंभीर रूप ले लिया और महक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया।
घटना के बाद रमन अपने कमरे को बंद कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश के साथ-साथ हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती तौर पर शराब को लेकर हुए विवाद को घटना से जोड़कर देखा जा रहा है, लेकिन हत्या की पूरी वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।







