परिजनों ने हत्या की तरफ किया इशारा
उत्तर प्रदेश। बरेली के नवाबगंज इलाके में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव गेहूं के खेत में पड़ा मिला। मृतक की पहचान सेंथल कस्बे के रहने वाले 22 वर्षीय मुकेश मौर्य के रूप में हुई है। अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मचा है, वहीं परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच की मांग की है। सूचना पर पहुंची पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।
परिजनों के मुताबिक मुकेश गुरुवार शाम करीब सात बजे घर से निकला था। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसे फोन किया। पिता रामप्रसाद मौर्य के अनुसार रात करीब एक बजे तक मुकेश से बात हुई थी। उसने बताया था कि वह मेले में है और जल्द घर पहुंच जाएगा। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया। रातभर परिजनों ने इलाके में तलाश की, लेकिन मुकेश का कोई पता नहीं चला।
सुबह ग्रामीणों के जरिए सूचना मिली कि श्मशान घाट के पास स्थित गेहूं के खेत में एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंचकर परिजनों ने मुकेश की पहचान की। पिता का आरोप है कि बेटे की हत्या कर शव खेत में फेंका गया है। हालांकि अभी तक परिवार की ओर से पुलिस में कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।
बताया जा रहा है कि मुकेश की शादी अगले वर्ष अप्रैल में अमरिया क्षेत्र के ढूंडरी गांव में तय थी। घटना के बाद परिजन सदमे में हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच तेज कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।







