इटावा। चौबिया थाना क्षेत्र के मूंज रमपुरा गांव में खेत जोतने के विवाद में चाचा ने भतीजे को गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी मौके से बंदूक लहराते हुए फरार हो गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। साथ ही, घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। रमपुरा मूंज निवासी राजवीर उर्फ पंचू (30) पुत्र वीरेंद्र सिंह शुक्रवार दोपहर एक बजे खेत जोतने की जानकारी पर फर्दपुरा की पुलिया से खेतों की तरफ जा रहा था। उसके साथ दिव्यांग भाई भूरे सिंह भी था। राजवीर जैसे ही पुलिया से उतरकर अपने खेतों की तरफ चला।
तभी आरोपी चाचा उदयवीर ने अपने चार साथियों के साथ पीछे से आकर लाइसेंसी बंदूक से गोली मार दी। मौके से बंदूक लहराते हुए खेतों से होते हुए भाग गया। आसपास खेतों में धान की रोपाई कर रहे ग्रामीणों ने जब गोली की आवाज सुनी तो भागकर मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी राजवीर के परिजनों को दी गई। इस बीच राजवीर के परिजनों ने हत्यारोपी के भाई श्यामवीर को पीट दिया। सूचना पर थानाध्यक्ष बेचन कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य इकट्ठा कराए। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।







