बांसी (सिद्धार्थनगर)। पंचायत भवन में कथित अनियमितताओं की जांच और रास्ते को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद आखिरकार मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर घर में घुसकर हमला करने, तोड़फोड़ करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एक पक्ष के मोल्हू का आरोप है कि पंचायत भवन से जुड़ी अनियमितताओं की जांच से नाराज कुछ लोगों ने 31 जुलाई को गांव के पास बंधे पर उसे रोक लिया। आरोप है कि वहां उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई। शोर सुनकर पत्नी सीमा और बेटे राजकुमार, आशीष व विकास मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। इस पक्ष ने आरोपितों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
वहीं, दूसरे पक्ष के रामदास ने विवाद की वजह पुरानी रंजिश और रास्ते से जुड़ा मामला बताया है। उसकी ओर से आरोप लगाया गया कि बाबूलाल समेत करीब 18 लोगों ने पुलिया से निकलने वाले पानी को रोक दिया। विरोध करने पर आरोपित कथित तौर पर लाठी-डंडे लेकर घर में घुस आए और रामदास, उसकी पत्नी विजयलक्ष्मी तथा बेटों राजेश और राकेश के साथ मारपीट की।
दूसरे पक्ष ने बाइक को क्षतिग्रस्त करने और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है।
कोतवाल मृत्युंजय पाठक ने बताया कि घटना 31 जुलाई की है। दोनों पक्षों की ओर से बुधवार शाम तहरीर दी गई, जिसके आधार पर मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।s







