हरदोई। औद्योगिक क्षेत्र के मुरारनगर गांव में घरेलू विवाद ने बुधवार रात बेहद गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि बेटे के घर नहीं लौटने को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद पति ने पत्नी के साथ मारपीट की और तकिए से मुंह दबाकर उसकी जान ले ली। बच्चों के शोर मचाने पर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह आशाराम ने अपने बेटे सूरज के साथ मारपीट की थी। पत्नी रामा ने बीच-बचाव किया तो आरोप है कि उसके साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद सूरज घर से बाहर चला गया और देर रात तक वापस नहीं लौटा।
रात में आशाराम के घर लौटने पर बेटे के बारे में पूछने को लेकर उसकी पत्नी से विवाद हो गया। आरोप है कि रामा ने पति पर बेटे के साथ मारपीट करने और उसके गायब होने की बात कही, जिससे विवाद और बढ़ गया। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान आशाराम ने पत्नी के साथ मारपीट की और फिर तकिए से उसका मुंह दबा दिया।
बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग घर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है।
प्रभारी निरीक्षक अनुराग सिंह के मुताबिक, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। रामा के पांच बच्चे बताए जा रहे हैं।
करीब तीन दशक पहले हुई थी शादी
ग्रामीणों के अनुसार, आशाराम और रामा की मुलाकात करीब 30 वर्ष पहले लखनऊ में हुई थी। दोनों के बीच संबंध बने और बाद में उन्होंने शादी कर ली। इसके बाद वे मुरारनगर में रहने लगे। बताया जा रहा है कि बाद के वर्षों में आशाराम को नशे की लत लग गई, जिसके चलते परिवार में अक्सर विवाद होता था। अब पत्नी की हत्या के आरोप के बाद यह वैवाहिक रिश्ता दुखद घटना में समाप्त हो गया।







