नई दिल्ली। सीमापुरी में झगड़े के दौरान बीच-बचाव कर रहे दो भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया गया। जीटीबी अस्पताल में मोहम्मद नदीम (22) की मौत हो गई, जबकि मोहम्मद नबीन (18) की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि घर के पास ही रहने वाले कुछ लड़के नदीम के चाचा फहीम (36) से झगड़ा कर रहे थे। नदीम व नबीन बीच-बचाव कराने पहुंचे तो आरोपियों ने मीट काटने वाले चाकू से दोनों पर हमला कर दिया।
नदीम डीयू के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग से स्नातक करने के अलावा निजी कंपनी में नौकरी भी करता था। नदीम के चाचा फहीम ने बताया कि मंगलवार शाम को वह घर पर मौजूद था। इस बीच पड़ोसी आदिल भाई अरमान, दोस्त जहांगीर व अन्यों के साथ उसके घर पर पहुंचा। आरोप है कि सभी लड़के शराब के नशे में थे। आरोपियों ने फहीम को आवाज लगाकर बुलाया। बाद में दरवाजे पर लात मारने लगे। फहीम घर से बाहर निकला तो आरोपियों ने मारपीट कर दी।
इस बीच नदीम दफ्तर से घर लौट रहा था। उसने चाचा के साथ आरोपियों को झगड़ा करते हुए देखा तो बीचबचाव कराने का प्रयास किया। इस दौरान नबीन भी पहुंच गए। आरोप है कि आदिल व अन्यों ने चाकू निकालकर नदीम व नबीन पर हमला कर दिया। मीट काटने वाला चाकू नदीम और नबीन की कमर में लगा। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां नदीम को मृत घोषित कर दिया गया।







