रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सट्टेबाजी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मोबाइल फोन के जरिए दांव लगाकर सट्टा संचालित करने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और 52,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग एक लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की। पुलिस को सूचना मिली थी कि काली माता मंदिर के पास दो व्यक्ति मोबाइल के माध्यम से सट्टा संचालित कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बताए गए हुलिये के अनुसार दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम गोपाल भीसे और बब्बन रजा उर्फ अख्तर बताए।
जांच के दौरान पुलिस ने जब उनके मोबाइल फोन की पड़ताल की तो उसमें अंकों के आधार पर ‘राजधानी’ और ‘कल्याण’ सट्टा पट्टी पर दांव लगाते हुए सट्टा संचालन के साक्ष्य मिले। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन और 52,500 रुपये नकद जब्त किए हैं। मामले में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 और 7 के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।







