हल्द्वानी। लालकुआं के हल्दूचौड़ क्षेत्र में एक दंपत्ति द्वारा खुदकुशी किए जाने की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। प्रतिष्ठित फर्म दुमका ट्रेडर्स के स्वामी रमेश दुमका (65) और उनकी पत्नी कमला दुमका (50) अपने घर की पहली मंजिल पर अलग-अलग कमरों में फंदे से झूलते पाए गए। बुधवार सुबह जब परिजनों ने कमरों के दरवाजे खोले तो इस घटना का पता चला, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को नीचे उतारा और घटनास्थल की बारीकी से जांच की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रमेश दुमका पिछले काफी समय से आर्थिक संकट और बढ़ते कर्ज के कारण गंभीर तनाव में थे। आशंका जताई जा रही है कि इसी मानसिक अवसाद के चलते दंपत्ति ने आत्महत्या का कदम उठाया होगा।
फिलहाल पुलिस को घर से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।







