पति की हालत नाजुक, आगरा रेफर; ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप
उत्तर प्रदेश। हाथरस के माधव कॉलोनी क्षेत्र में घरेलू विवाद ने एक दर्दनाक मोड़ ले लिया, जहां पति-पत्नी ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना में पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। मामले को लेकर परिजनों ने ससुराल पक्ष पर संगीन आरोप लगाए हैं।
घटना मंगलवार रात की है, जब 29 वर्षीय गोपाल का घर में उसके पिता राजेश यादव से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने के बाद गोपाल और उसकी पत्नी प्रिया (27) ने जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया। परिजन दोनों को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन प्रिया ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने गोपाल की स्थिति नाजुक देखते हुए उसे आगरा रेफर कर दिया।
बुधवार सुबह पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर प्रिया के पिता ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि प्रिया को लगातार प्रताड़ित किया जाता था और उसी प्रताड़ना के चलते उसे जहर देकर मार दिया गया। उन्होंने ससुर, देवर सहित छह लोगों के खिलाफ हाथरस गेट कोतवाली में तहरीर दी है।
उधर, सीओ सिटी योगेंद्र कृष्ण नारायण का कहना है कि प्रिया के पिता द्वारा दी गई शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है, और तथ्य सामने आने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी। मृतका की तीन साल की बेटी है, जो अब परिवार में अकेली रह गई है।







