दिल्ली। कापसहेड़ा इलाके में साढ़े तीन साल की बच्ची को अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद हत्या का मामला सामने आया है। सीसीटीवी कैमरे से पड़ोस में रहने वाले आरोपी अनिल (34) की पहचान कर पुलिस ने उसे कानपुर भागने के दौरान बस से गिरफ्तार कर लिया। जुर्म कबूलने के बाद उसके निशानदेही पर बच्ची के शव के बरामदगी के दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मी का सर्विस रिवाल्वर छीनकर पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को कब्जे में करने के बाद पुलिस ने उसे इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया।
बच्ची अपने परिजनों के साथ कापसहेड़ा इलाके में रहती थी। 22 मई की रात 8.51 बजे कापसहेड़ा थाना पुलिस को बच्ची के गायब होने की शिकायत मिली। परिजनों ने बताया कि बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान अचानक गायब हो गई। शिकायत पर कापसहेड़ा थाना पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने बच्ची की तलाश शुरू की। इस दौरान आस पास के सीसीटीवी कैमरे की जांच में पड़ोस में रहने वाले अनिल को शाम 7.05 बजे बच्ची को अपने साथ गंदा नाला की तरफ ले जाते देखा गया। लेकिन 7.25 बजे वह वापस अकेले आता देखा गया। पुलिस ने इस खुलासे पर अनिल के घर में दबिश दी। लेकिन वह वहां से लापता था।







