दिल्ली- एनसीआर। इंदिरा गांधी हवाई अड्डे की सुरक्षा में तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने सोने की तस्करी करने वाले एक यात्री समेत तीन आरोपियों को पकड़ा है। दो लोग सोने को हवाई अड्डे से बाहर निकालने में यात्री की मदद कर रहे थे। सीआईएसएफ ने तीनों आरोपियों के कब्जे से 1.2 किलोग्राम सोना बरामद किया है। इसकी कीमत करीब 80 लाख रुपये आंकी गई है। सीआईएसएफ ने तीनों आरोपियों को कस्टम विभाग के हवाले कर दिया है।
सीआईएसएफ अधिकारी ने बताया कि रविवार दोपहर को पौने तीन बजे हवाई अड्डे पर मौजूद सीआईएसएफ जवानों ने आगमन फोरकोर्ट क्षेत्र में दो लोगों को संदिग्ध अवस्था में घूमते देखा। जवानों ने उनपर निगरानी बढ़ा दी। शाम करीब चार बजे दोनों की मुलाकात मस्कट से आए यात्री से हुई। इसके बाद यात्री और एक संदिग्ध शख्स शौचालय में घुस गया। कुछ देर बाद दोनों शौचालय से बाहर निकले। तस्करी में शामिल होने के शक में सीआईएसएफ ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। यात्री की पहचान मोहम्मद फरियाद के रूप में हुई, जबकि अन्य दो संदिग्धों की पहचान मोहम्मद यूनुस अहमद अली और रमजान अली के रूप में हुई।
तलाशी में इनके पास से 1.2 किलोग्राम सोना बरामद किया। पूछताछ में पता चला कि मोहम्मद फरियाद रियाद के रास्ते मस्कट से भारत पहुंचा था। तीनों आरोपियों ने सोने की तस्करी में शामिल होने की बात मान ली। अधिकारियों ने बताया कि यात्री सोने को सफेद रंग की पैकिंग से छुपाकर लाया था। सीआईएसएफ अधिकारियों ने तीनों आरोपियों को कस्टम विभाग के हवाले कर दिया। कस्टम अधिकारी तीनों आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं।







