उत्तरप्रदेश। चंदौली जिले के रौना गांव में गुरुवार देर रात चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाकर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। छत के रास्ते घुसे अज्ञात चोरों ने करीब छह लाख रुपये के जेवर और एक लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना के बाद गांव में दहशत है, वहीं पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल उठने लगे हैं।
तीन घरों में एक ही दिन हुई चोरी
पहली वारदात रामकवल तिवारी के दोमंजिला मकान में हुई, जहां चोर ऊपर के कमरों में घुसे। उस वक्त परिवार नीचे के कमरे में सो रहा था। चोरों ने अलमारी और बक्से तोड़कर जेवरात और नकदी निकाल ली। सुबह जब निशा तिवारी ऊपर पहुंचीं, तो सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी टूटी हुई थी।
इसके बाद पता चला कि पड़ोस में रहने वाले विजय तिवारी और प्रभाकर तिवारी के घरों में भी उसी रात चोरी हुई है। तीनों घरों से चोर लाखों की नकदी, सोने-चांदी के जेवर और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा और कोतवाल गगन राज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
खुलासा एक भी नहीं चोरी कई, उठाए सवाल
ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बीते कुछ महीनों में कई बार चोरी की घटनाएं हुईं, लेकिन आज तक एक भी मामले का खुलासा नहीं हो पाया। लोगों ने मांग की है कि रात्रि गश्त को तत्काल प्रभाव से सख्त किया जाए और दोषियों को जल्द पकड़ा जाए।







