मोबाइल गेम में 2800 रुपये हारने के बाद छात्र ने फांसी लगाकर दी जान, परिजन सदमे में
इंदौर। इंदौर में ऑनलाइन गेमिंग की लत एक मासूम की ज़िंदगी पर भारी पड़ गई। सिर्फ 2800 रुपये के नुकसान के बाद सातवीं कक्षा के छात्र ने आत्मघाती कदम उठा लिया। मोबाइल गेम में हार के डर और परिवार की प्रतिक्रिया से घबराकर उसने फांसी लगा ली।
इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र स्थित अनुराग नगर में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां सातवीं कक्षा में पढ़ने वाले 13 वर्षीय छात्र आकलन जैन ने आत्महत्या कर ली। परिजनों के अनुसार, वह मोबाइल पर अक्सर ऑनलाइन गेम खेलता था और उसी गेम में 2800 रुपये हार गया था। इस राशि का भुगतान उसकी मां के डेबिट कार्ड से हुआ, जो उसने खुद गेमिंग आईडी से लिंक कर रखा था।
पुलिस जांच में पता चला कि आकलन ने यह कदम डर और तनाव में उठाया। उसे भय था कि जब परिजन को पैसे कटने की जानकारी मिलेगी तो उसे डांट पड़ सकती है। दोपहर में जब वह घर में दिखाई नहीं दिया तो दादा ने उसके कमरे में जाकर देखा, जहां वह फांसी के फंदे पर लटका मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
छात्र जिस मोबाइल से गेम खेल रहा था, उसमें सिम कार्ड नहीं था। वह घर के वाई-फाई से कनेक्ट होकर गेमिंग एप्स डाउनलोड करता था। पैसे कटने की जानकारी उसकी मां अपूर्वा को मिली, जिससे छात्र और घबरा गया।
आकलन के पिता ग्वालटोली क्षेत्र में ऑटो पार्ट्स की दुकान चलाते हैं। घटना के बाद पूरा परिवार गहरे सदमे में है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना ऑनलाइन गेमिंग की लत और उससे जुड़े खतरों को लेकर एक गंभीर चेतावनी है।







