भिवानी। शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र घंटाघर चौक में चोरों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम देकर व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। बुधवार देर रात चोरों ने दो दुकानों की पिछली दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और लाखों रुपये की नोटों की मालाएं समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। खास बात यह है कि इन दुकानों में पहले भी चोरी हो चुकी है। लगातार दूसरी बार वारदात होने से व्यापारियों में नाराजगी है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात चोरों ने घंटाघर चौक स्थित संजय ट्रेडिंग कंपनी सहित दो दुकानों को निशाना बनाया। चोर दुकान के पिछले हिस्से से दीवार तोड़कर अंदर दाखिल हुए और वहां रखा शादी-विवाह में इस्तेमाल होने वाला नोटों का हार तथा अन्य सामान लेकर फरार हो गए। गुरुवार सुबह जब दुकानदार पहुंचे तो उन्हें चोरी का पता चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। दुकानदारों के मुताबिक, इस वारदात में उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
दुकानदार राहुल बंसल ने बताया कि उनकी दुकान में पहले भी चोरी हो चुकी है। पिछली घटना के बाद उन्होंने सुरक्षा के लिहाज से शटर मजबूत करवाया था। इसके अलावा अतिरिक्त ताले और लोहे की रॉड भी लगवाई गई थी। इसके बावजूद चोरों ने दुकान में घुसने के लिए पीछे की दीवार तोड़ दी।
उन्होंने बताया कि दुकान में दाखिल होने के बाद चोरों ने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरों की दिशा बदल दी, ताकि उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें। हालांकि, एक कैमरे में एक संदिग्ध का चेहरा कुछ हद तक दिखाई देने की बात सामने आई है। दुकानदार ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और डीएसपी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों दुकानों का निरीक्षण कर जांच शुरू की। फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।
घंटाघर चौक में लगातार चोरी की घटनाओं को लेकर नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष भानु प्रकाश ने पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शहर के प्रमुख बाजार में बार-बार इस तरह की घटनाएं होना चिंता का विषय है। पहले हुई चोरी का मामला अभी तक नहीं सुलझा है और अब दोबारा दो दुकानों को निशाना बना लिया गया।
व्यापारी नेता जेपी कौशिक ने कहा कि यदि पुलिस जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद नहीं करती है तो व्यापारी बाजार बंद कर धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। व्यापारियों ने बाजार में पुलिस गश्त बढ़ाने और दुकानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।







