सोनभद्र। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के मधुपुर में भारतीय स्टेट बैंक के पास एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। युवक ने अपने साले और उसके साथियों पर लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया है। पीड़ित के मुताबिक, पत्नी के साथ चल रहे तलाक के मुकदमे को लेकर पुरानी रंजिश के चलते उस पर हमला किया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
चंदौली जिले के चकरघट्टा थाना क्षेत्र के चमेर बांध निवासी चंद्रबली ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 23 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे वह मोटरसाइकिल से मधुपुर जा रहे थे। उन्हें पशु आहार और पालिशर खरीदने के साथ बैंक से जुड़ा काम भी करना था। इसी दौरान जब वह भारतीय स्टेट बैंक के पास पहुंचे, तभी जयमोहनी पोस्ता निवासी अंशु, राहुल और दो अन्य लोग बाइक से वहां आ गए।
आरोप है कि चारों ने पहले उनके साथ कहासुनी की। विरोध करने पर सभी ने एकजुट होकर लात-घूंसों और लाठी-डंडों से उनकी पिटाई शुरू कर दी। हमले में चंद्रबली की नाक, आंख, सिर और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। मारपीट के दौरान वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
होश में आने के बाद चंद्रबली ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर उनके पिता मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।
पीड़ित का आरोप है कि उसकी पत्नी के साथ चंदौली परिवार न्यायालय में तलाक का मुकदमा चल रहा है। इसी मामले को लेकर आरोपी पक्ष उससे रंजिश रखता है। चंद्रबली ने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले भी आरोपी उसे और उसके माता-पिता को जान से मारने की धमकी दे चुके हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।







