शामली। अग्रवाल मंडी टटीरी क्षेत्र के सूरजपुर महनवा रेलवे अंडरपास के समीप गुरुवार को एक महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान क्षेत्र के एक पूर्व ग्राम प्रधान की पुत्रवधू के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, मृतका का पति दिल्ली में एक निजी कंपनी में कार्यरत है। महिला दो दिन पहले अपने मायके गई थी और बुधवार शाम अपने ससुराल लौट रही थी। देर रात तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद गुरुवार सुबह महिला के लापता होने की सूचना पुलिस को दी गई।
दोपहर के समय ग्रामीणों ने सूरजपुर महनवा रेलवे अंडरपास के पास झाड़ियों में महिला का शव पड़ा होने की सूचना दी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर क्षेत्र को घेराबंदी में लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय, अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि महिला की आखिरी गतिविधियों और घटनाक्रम का पता लगाया जा सके। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।







