गाजियाबाद। दिल्ली एनसीआर में ठगी की दो वारदात हुई जिसमे अलग-अलग इलाकों में टप्पेबाजों ने दो महिलाओं को बातचीत में उलझाकर उनके गहने और नकदी ठग लिए। बदमाश गहनों के बदले रुमाल में पत्थर बांधकर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नवयुग मार्केट में महिला को बनाया निशाना
पहला मामला चंद्रपुरी निवासी अरुणा शर्मा के साथ हुआ, जो 13 अक्टूबर को नवयुग मार्केट स्थित जीडीए कार्यालय के पास गई थीं।पुलिस के अनुसार, दो युवक पहले तो महिला से बातचीत के बहाने एक अंगूठी ले उड़े। जब महिला थोड़ी दूर बढ़ीं तो दोनों फिर उनके पास पहुंचे और इस बार मोबाइल फोन, कान के कुंडल और मंगलसूत्र ठग लिए। बदले में एक रुमाल थमा गए जिसमें पत्थर भरे हुए थे।
महिला ने जब बदमाशों के जाने के बाद रुमाल खोला तो उसमें गहनों की जगह पत्थर निकले। कोतवाली नगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाजार में सब्जी लेने गई महिला को ठगा
दूसरी घटना राजनगर एक्सटेंशन की केडीपी सोसायटी में रहने वाली सुप्रिया त्यागी के साथ हुई। वे बृहस्पतिवार को साप्ताहिक बाजार में सब्जी खरीदने गई थीं। इसी दौरान दो युवक उनके पास पहुंचे और उन्हें बातचीत में उलझाकर सोने की चेन, कुंडल, अंगूठी और 3,000 रूपए की नकदी लेकर फरार हो गए। नंदग्राम पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है और बदमाशों की तलाश की जा रही है।
सीसीटीवी से खंगाला जा रहा सच
दोनों घटनाओं में मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। एसीपी नगर कोतवाली रितेश त्रिपाठी और एसीपी नंदग्राम ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही टप्पेबाजों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







