नई दिल्ली- पश्चिमी दिल्ली के ख्याला इलाके में सोमवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां आपसी विवाद के बाद एक किशोर की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात सामुदायिक केंद्र के पास स्थित सी-ब्लॉक के खुले मैदान में हुई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार, किसी बात को लेकर हुए झगड़े ने हिंसक रूप ले लिया और दो नाबालिगों ने एक अन्य नाबालिग पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल किशोर को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान सोहेल के रूप में हुई है।
अस्पताल में तोड़ा दम
पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त दरादे शरद भास्कर ने बताया कि सोमवार रात करीब 9 बजे पुलिस को चाकूबाजी की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची टीम ने घायल किशोर को तत्काल गुरु गोबिंद सिंह सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पेट पर गंभीर चाकू के घाव पाए गए हैं।
सीसीटीवी से पकड़े गए आरोपी
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर घटना में शामिल दो नाबालिगों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ में दोनों ने झगड़े के बाद हमला करने की बात कबूल की है।
परिवार की स्थिति और जांच जारी
सोहेल अपने माता-पिता और दो भाइयों के साथ ख्याला इलाके में रहता था। उसके पिता पेशे से दर्जी हैं। वहीं, हिरासत में लिए गए दोनों नाबालिग पढ़ाई छोड़ चुके बताए जा रहे हैं। एक आरोपी के पिता का पहले ही निधन हो चुका है और उसकी मां घरेलू काम करती हैं, जबकि दूसरे के माता-पिता एक फैक्टरी में कार्यरत हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और घटना के पीछे की वजहों को स्पष्ट करने में जुटी है।







