अच्छे अंक दिलाने का लालच देकर नाबालिग से बनाए गए संबंध, हाईकोर्ट ने खारिज की ज़मानत याचिका
गुरुग्राम। गुरुग्राम में एक निजी स्कूल की शिक्षिका को एक नाबालिग छात्र के यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पीड़ित छात्र के परिजनों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में कहा गया कि शिक्षिका ने परीक्षा में अच्छे नंबर दिलाने और व्यक्तिगत सहायता देने के बहाने छात्र से बार-बार अनुचित संबंध बनाए।
पुलिस की जांच के अनुसार, आरोप है कि शिक्षिका छात्र को घर और होटलों में बुलाकर उस पर मानसिक और शारीरिक दबाव बनाती थी। पीड़ित के पिता द्वारा पुलिस को सौंपे गए वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर शिक्षिका के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
शिकायत मिलने के बाद 13 मार्च को केस दर्ज किया गया और तफ्तीश शुरू की गई। कोर्ट में पेश होने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। इससे पहले आरोपी अध्यापिका की अग्रिम ज़मानत याचिकाएं रेवाड़ी फास्ट ट्रैक कोर्ट और पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा खारिज की जा चुकी हैं।
पुलिस ने बताया कि छात्र के मानसिक स्वास्थ्य की रक्षा को प्राथमिकता देते हुए पूरे मामले की संवेदनशीलता के साथ जांच की जा रही है।







