दिल्ली के युवक का शव गाजियाबाद में मिला, दोस्त विक्की ने कबूला अपराध, शराब पिलाकर दिया वारदात को अंजाम
नई दिल्ली (शाहदरा)- शाहदरा जिले के मानसरोवर पार्क इलाके में लापता युवक की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। दो जून से लापता विकास चौहान (31) की हत्या उसके दोस्त ने अवैध संबंधों के शक में कर दी थी। वारदात के बाद शव को गाजियाबाद के जावली मार्ग स्थित इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में फेंक दिया गया।
यूपी पुलिस को 14 जून को एक प्लास्टिक के कट्टे और पॉलीथीन में लिपटा शव बरामद हुआ था। पहचान न होने के कारण शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे थे। 17 जून को टीला मोड़ थाना पुलिस ने जब मानसरोवर पार्क थाने से संपर्क किया, तो विकास की गुमशुदगी का केस दर्ज होने की पुष्टि हुई। परिजनों को बुलाकर शव की पहचान कराई गई, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस जांच में पता चला कि विकास के दोस्त विक्की को संदेह था कि उसकी पत्नी और विकास के बीच नजदीकियां थीं। इसी शक के चलते उसने विकास की हत्या की साजिश रची। आरोपी विक्की ने पूछताछ में जुर्म कबूल करते हुए बताया कि दो जून की रात वह विकास को बहाने से बाहर ले गया। शराब पिलाने के बाद पत्थर से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी और शव को प्लास्टिक में लपेटकर गाजियाबाद में फेंक दिया।
परिजनों के अनुसार, दो जून की रात विकास अपने दोस्त विक्की के साथ बाइक पर निकला था। आखिरी बार रात 11:30 बजे मां से फोन पर बात हुई थी, जिसके बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। काफी तलाश के बाद 5 जून को परिजनों ने मानसरोवर पार्क थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
अब इस मामले में अपहरण व हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।







