गाजियाबाद- लोनी के ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। बुध बाजार कॉलोनी में एक व्यक्ति ने शक के चलते अपनी पत्नी और अपने ही करीबी दोस्त की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना रात करीब साढ़े बारह बजे की बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पहले अपने दोस्त को घर बुलाया और फिर तीनों के बीच कमरे में बातचीत होने लगी। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी बढ़ गई और मामला इतना बिगड़ गया कि आरोपी ने तमंचा निकालकर दोनों पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी वारदात के बाद फरार हो गया।
घटना की जानकारी घर में मौजूद बच्चों ने परिजनों को दी, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी, उसकी पत्नी और मृतक दोस्त एक-दूसरे को लंबे समय से जानते थे और आपसी संबंधों को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने इस खौफनाक घटना का रूप ले लिया।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश में कई टीमें लगाई गई हैं। मृतक के परिजनों की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।







