लुधियाना (पंजाब)- पंजाब सरकार की बहुचर्चित हेल्थ कार्ड योजना को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाई गई कथित भ्रामक जानकारी के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। थाना मोती नगर पुलिस ने एक पार्षद समेत दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि इन लोगों ने आम आदमी पार्टी से जुड़े एक नेता को बदनाम करने के उद्देश्य से झूठा वीडियो वायरल किया।
मामले में वार्ड नंबर 26 के आप इंचार्ज इंद्रदीप सिंह उर्फ मिंकू की शिकायत पर कार्रवाई की गई है। शिकायत के अनुसार, राज्य सरकार द्वारा 10 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा देने के लिए हेल्थ कार्ड बनाए जा रहे हैं और इसके लिए वार्ड स्तर पर मशीनें लगाई गई हैं।
इंद्रदीप सिंह का आरोप है कि भामियां रोड निवासी साहिब राजपूत ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उनके खिलाफ गंभीर और निराधार आरोप लगाए गए। वीडियो में दावा किया गया कि हेल्थ कार्ड बनवाने के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है और उसका बड़ा हिस्सा मिंकू को दिया जाता है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि इस तरह की कोई बातचीत कभी नहीं हुई और यह वीडियो पूरी तरह झूठा और मनगढ़ंत है। उनका कहना है कि इस साजिश में वार्ड 26 के पार्षद गौरव भट्टी भी शामिल हैं, जिन्होंने बिना किसी पुष्टि के उक्त वीडियो को बार-बार साझा कर उनकी राजनीतिक और सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और सोशल मीडिया पोस्ट, वीडियो व अन्य साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







