नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र में एक महिला की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम गौतम विहार इलाके में स्थित मकान पर पहुंची, जहां महिला कमरे के भीतर बेहोशी की हालत में पाई गई।
पुलिस ने तुरंत महिला को इलाज के लिए जेपीसी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है, जिस कारण मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी गई है।
घटनास्थल पर फोरेंसिक विशेषज्ञों को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मृतका के परिजनों से पूछताछ की जा रही है और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







