अलीगढ़। इगलास के गांव नगला अहिवासी में 15 जून की रात अपने नलकूप की कोठरी के बाहर सो रहे बुजुर्ग की धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई। 16 जून की सुबह खेतों की ओर ग्रामीण निकले तब परिवार को घटना की जानकारी हुई।नगला अहिवासी निवासी 65 वर्षीय भगवती प्रसाद गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर ग्राम भटोई की सीमा पर स्थित अपने खेत में लगे नलकूप की कोठरी पर ही रोजाना रात रात को सोते थे। 15 जून की रात 10 बजे सोने के लिए गए थे। फसलों की रखवाली के लिए वह कोठरी के बाहर ही सो रहे थे। 16 जून की सुबह गांव भटोई के ग्रामीणों ने चारपाई पर उनका रक्तरंजित शव पड़ा देखा तो परिवार वालों को खबर दी। उनके सिर, गर्दन, चेहरे व सीने पर चोट के निशान थे। सूचना पर सीओ डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह, कोतवाल देवेंद्र सिंह मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
आशंका जताई जा रही है कि नलकूप पर पहुंचने के कुछ देर बाद ही हत्या कर दी गई होगी क्यों कि जमीन पर पड़ा रक्त सूख गया था। भगवती प्रसाद ने अपने पीछे पत्नी सावित्री, बेटी गीता, चार बेटे उमेश कुमार, बलभद्र, मनोज व नारायण को छोड़ गए हैं। उनके नाम पर 55 बीघे जमीन थी। 25 बीघे जमीन नगला मोहन में खरीदी थी। सीओ के अनुसार हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। मृतक के पुत्र मनोज की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज हो गई है। कई बिंदुओं पर जांच हो रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।







