घटना को अंजाम देकर हुआ फरार
दिल्ली- एनसीआर। कापसहेड़ा इलाके में सब्जी के मोल भाव को लेकर हुई कहासुनी में दुकानदार ने ग्राहक को चाकू गोद दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। पीड़ित किसी तरह से अस्पताल पहुंचे। अस्पताल से मिली सूचना के बाद पुलिस ने पीड़ित के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। पीड़ित विकास (24) परिवार के साथ बिजवासन में रहते हैं। वह पेशे से कैब चालक हैं। पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने बताया कि नौ अप्रैल की रात वह सब्जी लेने के लिए बाजार गए थे।
वह अकसर मुकेश की दुकान से सब्जी खरीदते थे। सब्जी लेने के दौरान मोल-भाव करने पर उनकी मुकेश से कहासुनी हो गई। पीड़ित का आरोप है कि कहासुनी के दौरान आरोपी ने बड़े चाकू से उनके ऊपर हमला किया। चाकू उनके पैर में लगा है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ित के बयान पर आरोपी के खिलाफ गंभीर चोट पहुंचाने का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।







