सिएटल। अमेरिका के सिएटल शहर में आयोजित लोकप्रिय ‘बाइट ऑफ सिएटल’ फूड फेस्टिवल के दौरान अचानक हुई गोलीबारी से अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक छोटे बच्चे सहित पांच अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है।
सिएटल के प्रतिष्ठित स्पेस नीडल के पास चल रहे वार्षिक ‘बाइट ऑफ सिएटल’ फूड फेस्टिवल के समापन से ठीक पहले रविवार शाम करीब छह बजे (स्थानीय समय) गोलियां चलने से पूरा इलाका दहशत में आ गया। मौके पर मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जबकि आपातकालीन सेवाओं और पुलिस की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गईं।
सिएटल फायर डिपार्टमेंट के अनुसार, गोलीबारी में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पांच घायलों को इलाज के लिए हार्बरव्यू मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया है। घायलों में 56 वर्षीय महिला की हालत गंभीर बताई गई है, जबकि दो वर्षीय बच्चा, 23 वर्षीय युवक और 39 वर्षीय महिला की स्थिति स्थिर है। एक अन्य 40 वर्षीय महिला को मामूली चोटें आई हैं।
घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने सिएटल सेंटर के बड़े हिस्से को खाली करा दिया और लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की। फिलहाल पुलिस हमले के कारणों और हमलावर की पहचान का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों ने अभी तक किसी गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गोली चलने की आवाज सुनते ही पूरे फेस्टिवल में भगदड़ मच गई। कई लोग जान बचाने के लिए नजदीकी इमारतों और सिएटल चिल्ड्रन्स म्यूजियम में जाकर छिप गए। इस दौरान कई दुकानदार अपना सामान छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भाग गए।
एक स्टॉल संचालक ने बताया कि शुरुआत में उन्हें आवाज पटाखों जैसी लगी, लेकिन कुछ ही क्षणों बाद लोगों ने ‘शूटर’ चिल्लाना शुरू कर दिया और चारों ओर भगदड़ मच गई। वहीं, एक अन्य चश्मदीद ने बताया कि लोग एक-दूसरे को धक्का देते हुए भाग रहे थे, कई लोग गिर पड़े और बच्चों की स्ट्रॉलर तक पलट गईं।
वॉशिंगटन के गवर्नर बॉब फर्ग्यूसन ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि राज्य सरकार हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने स्थानीय पुलिस की सहायता के लिए राज्य पुलिस की विशेष टीमों को भी तैनात किया है और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।







