नई दिल्ली – दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके में एक बुजुर्ग महिला के घर हुई चोरी के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। घर में काम करने वाले घरेलू सहायक ने ही नकदी पर हाथ साफ कर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके घर से लाखों रुपये गायब हो गए हैं और संदेह सीधे तौर पर उनके नौकर पर है, जो घटना के बाद अचानक लापता हो गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन का पता लगाया गया और टीम ने कई स्थानों पर दबिश दी। आखिरकार पुलिस ने उसे जम्मू से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने चोरी की रकम का कुछ हिस्सा निजी खर्चों में उड़ा दिया, जबकि बाकी रकम को छिपाने की कोशिश की। पुलिस ने उसके पास से नकदी बरामद करने के साथ ही बैंक खाते में जमा रकम को भी ट्रैक कर फ्रीज कर दिया है।







