नोएडा। नोएडा के सेक्टर-73 क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जब एक 19 वर्षीय युवक ने अपने ही पिता की ईंट से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
छोटी कहासुनी बनी खूनी संघर्ष का कारण
घटना ग्राम सर्फाबाद, सेक्टर-73 की है, जहां आरोपी उदय ने किसी पारिवारिक विवाद के चलते अपने पिता गौतम (उम्र लगभग 40 वर्ष) पर ईंट से हमला कर दिया। हमला इतना भीषण था कि गौतम की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची
घटना की जानकारी मिलते ही थाना सेक्टर-113 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जो साक्ष्य जुटाने में लगी है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।







