नई दिल्ली- दिल्ली के सरिता विहार इलाके में सोमवार रात अपराध पर बड़ी कार्रवाई हुई। पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने माया गैंग से जुड़े एक सक्रिय लुटेरे और स्नैचर सागर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे काबू में लिया गया।
दक्षिण-पूर्वी जिले के डीसीपी हेमंत तिवारी ने जानकारी दी कि STF को सागर की लोकेशन को लेकर पुख्ता सुराग मिला था। जैसे ही पुलिस टीम सरिता विहार फ्लाईओवर के पास पहुंची, सागर ने खुद को घिरा देख फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई।
फायरिंग में घायल होने के बाद सागर को मौके से पकड़ा गया। उसके पास से एक .32 बोर की सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और तीन खाली खोखे बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, सागर माया गैंग का बेहद सक्रिय और खतरनाक सदस्य है, जो दिल्ली में कई स्नैचिंग और लूट की वारदातों में शामिल रहा है। फिलहाल उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।







