रामपुर। मसवासी में युवती को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोपी पुलिस कार्रवाई के डर से शादी के लिए तैयार हो गया। दोनों के परिजनों में बातचीत के बाद समझौता हो गया। उत्तराखंड निवासी युवती ने चौकी पुलिस को तहरीर देते हुए आरोप लगाया था कि उसका स्थानीय युवक से पिछले दो वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस दौरान प्रेमी ने उसके साथ शारीरिक संबंध भी बनाए थे। गर्भवती होने पर दो माह पूर्व दवाई खिलाकर जबरन गर्भपात भी करा दिया। पीड़ित युवती ने प्रेमी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। प्रेमी युगल एक ही संप्रदाय के हैं। सोमवार को चौकी पुलिस ने आरोपी प्रेमी को हिरासत में ले लिया। इसके चलते युवक पक्ष के लोग समेत अन्य रिश्तेदार मामला निपटाने के लिए सक्रिय हो गए। उन्होंने पुलिस से समय मांगा और चौकी के बाहर पंचायत में जुट गए।
अंत में पुलिस कार्रवाई के डर से युवक और उसके परिजन शादी को राजी हो गए। पुलिस ने कहा कि दोनों पक्ष शादी को राजी हो गए हैं। इसके चलते युवती ने कार्रवाई से इनकार कर दिया। बिलासपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी एक महिला सोमवार की दोपहर कोतवाली पहुंची। महिला ने पुलिस को बताया कि करीब दो सप्ताह पूर्व उसकी नाबालिग पुत्री नगर में किसी काम से गई थी। इसके बाद घर नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा। महिला ने बताया कि वह अपनी पुत्री की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करा चुकी है। पुलिस ने युवती को बरामद करने का आश्वासन दिया।







