उत्तर प्रदेश। शाहजहांपुर के तिलहर थाना क्षेत्र में नामकरण संस्कार की दावत के दौरान एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि ग्राम प्रधान के पति सुखदेव ने दावत में न बुलाए जाने से नाराज़ होकर इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई, वहीं मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी सुखदेव को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, बृहस्पतिवार रात मृतक के घर पोते के नामकरण संस्कार का कार्यक्रम चल रहा था। परिवारजन और रिश्तेदारों के बीच नाच-गाने का माहौल था। इसी दौरान प्रधान के पति सुखदेव के बेटे धर्मेंद्र और धीरेंद्र घर में घुस आए और महिलाओं के साथ अभद्रता करने लगे। विरोध करने पर दोनों गाली-गलौज करते हुए धमकी देकर चले गए।
करीब आधे घंटे बाद दोनों भाई अपने पिता सुखदेव के साथ लौटे। बताया जाता है कि तीनों के पास हथियार थे और गालियां बकते हुए उन्होंने परिवार को डराने की कोशिश की। इस दौरान धर्मेंद्र और धीरेंद्र ने युवक को पकड़ लिया और प्रधान के पति सुखदेव ने तमंचे से उसके सीने पर गोली चला दी। वारदात से दहशत फैल गई और आरोपी मौके से भागने लगे।
परिजनों ने घायल युवक को आनन-फानन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, ग्रामीणों की मदद से आरोपी सुखदेव को पकड़ लिया गया, जबकि उसके दोनों बेटे फायरिंग करते हुए फरार हो गए।
एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला दावत में न बुलाए जाने की रंजिश से जुड़ा प्रतीत होता है। मृतक के परिजनों की तहरीर पर सुखदेव और उसके बेटों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर इलाज के लिए भेजा है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।







