हरियाणा। बेटे को डॉक्टर बनाने का सपना देख रहे दंपति की नौ साल की मेहनत पर साइबर ठगों ने पानी फेर दिया। परिवार ने एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए बैंक खाते में जमा किए गए 12 लाख रुपये कुछ ही मिनटों में खो दिए। घटना की शिकायत मिलने पर साइबर थाने की पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नेहरू कॉलोनी निवासी गीत देवी ने बताया कि उनके पति सुनील कुमार निजी कंपनी में कार्यरत हैं। उन्होंने वर्ष 2017 से बेटे की पढ़ाई के लिए निजी बैंक खाते में धीरे-धीरे राशि जमा करनी शुरू की थी। लेकिन 17 सितंबर को उनके मोबाइल पर अचानक लगातार ओटीपी आने लगे और देखते ही देखते खाते से 12 लाख रुपये गायब हो गए।
जब बैंक जाकर जानकारी ली गई तो पूरा मामला ठगी का निकला। साइबर थाना प्रभारी कुलदीप ने पुष्टि की कि महिला के खाते से बड़ी रकम उड़ाई गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।







