ग्रेटर नोएडा। तीन साल पहले प्रेम विवाह करने वाली ममता पर करवा चौथ के दिन तेजाब फेंकने वाले आरोपी पति विवेक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी दहेज की मांग करता था और पत्नी के नौकरी करने की बात कहने पर शक करता था। इसी बात को लेकर आरोपी ने पत्नी पर तेजाब डाल दिया। पीड़िता का दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, मूलरूप से बुलंदशहर निवासी विवेक देवला गांव में रहकर मजदूरी करता था। गरीबी के चलते विवेक की पत्नी ममता नौकरी करने की जिद करती थी। इस पर विवेक पत्नी पर शक करने लगा था। इसके अलावा परिजन ने विवेक पर दहेज मांगने का भी आरोप लगाया है। बिसरख कोतवाली प्रभारी अनिल राजपूत का कहना है कि आरोपी ने बुलंदशहर से तेजाब लाकर एक नवम्बर को करवाचौथ के दिन पत्नी के चेहरे पर हमला किया। पीड़िता 45 फीसदी तक जल गई। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी पर केस दर्ज कर किया है। आरोपी से एक डिब्बे में तेजाब भी बरामद किया है।







