देवरिया। बरियारपुर थाना क्षेत्र में गोवंश तस्करी की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम की आरोपितों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान गोवंश से भरी पिकअप को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन चालक बैरियर तोड़कर भागने लगा। पीछा करने के बाद वाहन को मठिया चौराहे के पास रोक लिया गया। इस दौरान तीन आरोपित भागने लगे, जिनमें से एक ने झाड़ियों की आड़ से पुलिस पर फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में फायरिंग करने वाले आरोपित के पैर में गोली लगी। घायल समेत तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने पिकअप से तीन गोवंश के बछड़े और एक भैंस बरामद करने का दावा किया है। घटनास्थल से तमंचा, खोखा और जिंदा कारतूस भी मिला है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात बरियारपुर थाना पुलिस संदिग्ध वाहनों और लोगों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक पिकअप में गोवंश लादकर बिहार ले जाया जा रहा है। इसके बाद मठिया के पास बैरियर लगाकर वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि चालक ने पिकअप की रफ्तार बढ़ाकर बैरियर तोड़ने की कोशिश की, लेकिन बैरियर की कील वाहन के पहिये में फंस गई।
पुलिस ने पीछा करते हुए मठिया चौराहे के पास पिकअप को रोक लिया। वाहन से तीन लोग उतरकर भागने लगे। इसी दौरान स्वयंवर यादव नामक आरोपित झाड़ियों में छिप गया और पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपित को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
पुलिस ने स्वयंवर यादव के अलावा हरिकेश यादव और पन्नेलाल यादव को भी गिरफ्तार किया है। स्वयंवर के पास से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक, घायल आरोपित के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास, गोवध निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। तीनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।







